लुधियाना की बड़ी डकैती का मामला सुलझा,जाने कौन था मास्टरमाइंड

0

पंजाब पुलिस ने बुधवार को दावा किया कि उसने 10 जून को लुधियाना में हुई डकैती की घटना को सुलझा लिया है। अधिकारी ने कहा कि लुधियाना में 8.49 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

सशस्त्र लुटेरे 10 जून को लुधियाना के न्यू राजगुरु नगर इलाके में कैश मैनेजमेंट सर्विस कंपनी सीएमएस सिक्योरिटीज के कार्यालय से सुरक्षा गार्डों को चकमा देकर नकदी लेकर फरार हो गए थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से और उनकी निशानदेही पर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच करोड़ सात सौ रुपये की नकदी, सीएमएस कंपनी की कार, वारदात में इस्तेमाल की गई कार, तीन राइफल, 12 बोर, तेजधार हथियार, हाइड्रोलिक सीढ़ी, नीले रंग का बैग जिसमें हथौड़ा, छैनी, प्लास, पेचकस, करांडी सहित अन्य औजार थे बरामद किए है। वारदात को अंजाम देने वाला कोई ओर नहीं बल्कि पिछले चार साल से इसी कंपनी में काम करने वाला मुलाजिम ही था। उसने अपनी एक महिला मित्र के साथ मिल कर इस वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में एक 18 साल का नौजवान लड़का भी शामिल है। इस मामले में पुलिस ने गांव अब्बुवाल के रहने वाले मास्टरमाइंड और सीएमएस कंपनी में काम करने वाले मनजिंदर सिंह मनी, जगरांव स्थित गांव कोठे हरि सिंह निवासी मंदीप सिंह उर्फ विक्की, हरविंदर सिंह उर्फ लंबू, गांव काऊंके कला निवासी परमजीत सिंह पम्मा, बरनाला के रहने वाले हरप्रीत सिंह (18) के साथ साथ नरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी निवासी जगरांव के कोठे हरि सिंह के रहने वाले को काबू किया है। जबकि इस गिरोह की दूसरी मास्टरमाइंड और डाकू हसीना के नाम से मशहूर मंदीप कौर उर्फ मोना, उसके पति बरनाला रामगढ़िया रोड निवासी जसविंदर सिंह, उसका साथी अरुण कुमार, नन्नी और गुलशन अभी फरार है। जिनकी तलाश में लगातार पुलिस की कई टीमें छापामारी करने में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले को हल करने के लिए लगातार टीमें काम करने में जुटी थी। जांच के बाद इलाके में से मोबाइल डंप उठाए। गाड़ी में लगे जीपीआरएस सिस्टम से रुट उठाया और उन इलाकों की फुटेज जांचनी शुरु कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को विक्की और लंबू को जगरांव इलाके से काबू किया। जिसके बाद पुलिस ने बाकी आरोपियों को काबू किया। पुलिस ने मनजिंदर मनी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक करोड़ रुपये कैश, मंदीप सिंह उर्फ विक्की के कब्जे से पचास लाख कैश, हरविंदर सिंह लंबू के कब्जे से 75 लाख कैश के साथ साथ तेजधआर हथियार, परमंजीत सिंह उर्फ पम्मा के कब्जे से 25 लाख रुपये कैश और हरप्रीत सिंह के कब्जे से 25 लाख रुपये कैश के साथ साथ कोच के घर के पास खड़ी गाड़ी क्रूज बरामद की जिसमें करीब दो करोड़ 25 लाख रुपये कैश पड़े थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल पांच करोड़ सात सौ रुपये बरामद किए।