किसानों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है भाजपा: बिक्रमजीत चीमा
चंडीगढ़, 10 अप्रैल (डीडी, न्यूजपेपर ): भारतीय जनता पार्टी पंजाब के महासचिव बिक्रमजीत सिंह चीमा ने भारतीय जनता पार्टी पंजाब की मांग पर भारत सरकार से भारी बारिश, ओलावृष्टि और आंधी-तूफ़ान से खराब हुई किसानों की फसलों के नुक्सान के निरीक्षण करने हेतु केंद्र के मोदी सरकार के खाद्य व सार्वजनिक वितरण प्रणाली विभाग की तरफ से चार केंद्रीय टीमों को पंजाब भेजने के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि हमारे किसान भाई हमारी रीढ़ हैं और पंजाब भाजपा चट्टान की तरह किसानों के साथ खड़ी है।

बिक्रमजीत सिंह चीमा ने कहा कि भारत सरकार के खाद्य और सार्वजनिक वितरण प्रणाली विभाग की चार केंद्रीय टीमों ने पंजाब पहुंचकर अपना सर्वेक्षण कार्य शुरू कर दिया है। खेतों में व मंडियों में आई गेहूं की फसल के सैंपल लिए जा रहे हैं और इन्हें तुरंत जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को गेहूं की फसल बेचने में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। किसानों की फसल का एक-एक दाना केंद्र सरकार खरीदेगी।
बिक्रमजीत सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में पूरा भाजपा नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पंजाब की समस्याओं को लेकर बहुत गंभीर है। किसानों से जुड़ी समस्याओं को जब भी उनके ध्यान में लाया जाता है, तो तत्काल कार्रवाई कर उनका समाधान किया जाता है। इसका ताजा उदाहरण बेमौसम बारिश से खराब हुई गेहूं की फसल की खरीद के दौरान किसानों को राहत देने की पंजाब भाजपा की मांग को स्वीकार कर फौरी कार्रवाई करते हुए पंजाब में केन्द्रीय टीमों को भेजा जाना है।
बिक्रमजीत सिंह चीमा ने कहा कि केंद्र सरकार जल्द ही गेहूं की खरीद में किसानों को राहत देने की घोषणा कर सकती है। उन्होंने पंजाब सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की भगवंत मान सरकार पंजाब के किसानों की समस्याओं को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग की कि पंजाब की भगवंत मान सरकार तुरंत किसानों को 50,000 रुपये प्रति एकड़ और खेतिहर मजदूरों को 5,000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा दे और भगवंत मान सरकार अपने चुनावी वादे के अनुसार किसानों का सारा कर्ज माफ करे।






