मध्य प्रदेश के सागर में सौ करोड़ की लागत से बन रहा श्री गुरु रविदास धाम, राजेश
चंडीगढ़ : 13 अगस्त (डीडी न्यूजपेपर ) : अनुसूचित जाति आयोग पंजाब के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश भाजपा के महामंत्री राजेश बाघा ने मध्यप्रदेश के बड़तूमा (सागर) में 100 करोड़ से बनाए जा रहे श्री गुरु रविदास मंदिर एवं भव्य स्मारक कला संग्रहालय के लिये मोदी सरकार का आभार प्रकट किया है। इस एतिहासिक स्मारक के भूमि पूजन कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे राजेश बाघा ने बताया कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शनिवार को भूमि पूजन करवाया गया। जिसके लिये मध्य प्रदेश के 53 हजार गांवों की मिट्टी व 350 ननदियों का जल लाया गया। उन्होंने बताया कि 11 एकड़ के विशाल भू-खंड पर बनने वाले इस दिव्य, भव्य और अलौकिक मंदिर की दीवारों पर श्री गुरु रविदास जी की वाणी के दोहे अंकित होंगे। मन्दिर परिसर में चार गैलरियों का निर्माण किया जायेगा। प्रथम गैलरी में गुरु साहिब का जीवन दर्शन, दूसरी में भक्ति मार्ग और निगुर्ण पंथ में योगदान को दर्शाया जायेगा। तीसरी गैलरी में गुरु साहिब के दर्शन के प्रभाव और पंथ की जानकारी मिलेगी। जबकि चौथी गैलरी में गुरु साहिब की वाणी अर्थात् काव्य, साहित्य, लायब्रेरी एवं संगत हाल में साहित्य संकलन होगा। मंदिर के पास जल कुंड बनेगा। 12 हजार वर्ग फीट में देश-विदेश से आने वाली संगत के रहने के लिये आवासीय सुविधा होगी जिसमें सर्व सुविधा युक्त पन्द्रह कमरे बनाये जायेंगे।

राजेश बाघा ने कहा कि भारत की मौजूदा नरेन्द्र मोदी सरकार और मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने गुरु रविदास महाराज तथा विश्व भर में बसते रविदासिया समाज के करोड़ों लोगों को जो सम्मान दिया है उसके लिये वे समूची कौम की तरफ से मोदी सरकार के आभारी हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह, कई केंद्रीय व राज्य सरकार के मंत्रियों सहित भूपेन्द्र कुमार पाल, प्रेम पाल गौड़ डोमेली, जसवीर सिंह मेहता, अजय कुमार, राम निरंजन इत्यादि भी इस अलौकिक भूमि पूजन कार्यक्रम के साक्षी थे।






