Punjab

Ludhiana News:कर्ज से परेशान युवक ने सतलुज नदी में कूदकर की आत्महत्या

Spread the News
सांकेतिक तस्वीर।

 

दोआबा दस्तक न्यूजः कर्ज से परेशान होकर लुधियाना के सुभाष नगर के रहने वाले जतिन कुमार ने सतलुज नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब वह अपने घर नहीं लौटा। अगले दिन उसे ढूंढते हुए परिवार वाले गांव कासाबाद में सतलुज किनारे पहुंचे, जहां उसकी स्कूटी पड़ी थी। गोताखोरों की मदद से सतलुज नदी से शव बाहर निकाला गया।

सूचना मिलने के बाद थाना सलेम टाबरी की पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिवार वालों ने बताया कि जतिन पर कर्ज चढ़ा हुआ था और वह देनदारी से काफी परेशान था। इसके बाद परिवार वालों ने सुंदर नगर स्थित वंश फैक्टरी के मालिक राजीव टंडन और न्यू सुभाष नगर के रहने वाले फाइनेंसर अनिल खत्री के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कराया।

पुलिस ने यह मामला जतिन के पिता वीरभान की शिकायत पर दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वीरभान की शिकायत के मुताबिक उसका बेटा टोपी बनाने का कारोबार करता था और वह कपड़ा राजीव टंडन की वंश फैब्रिक से लेता था। जतिन ने करीब छह लाख रुपये का माल ले रखा था। इसके अलावा उसने अनिल खत्री से भी ब्याज पर पैसे ले रखे थे। इसके बारे में किसी को पता नहीं था। कुछ दिन पहले ही इस बारे में परिवार वालों को पता चला। कुछ दिनों से राजीव टंडन और अनिल खत्री जतिन पर पैसे वापस करने का दबाव बना रहे थे। इससे वह काफी परेशान था।

13 मार्च को वह अपनी स्कूटी पर घर से निकल गया। काफी समय तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसे ढूंढना शुरू कर दिया। न मिलने पर परिवार ने इसकी शिकायत थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी। अगले दिन परिवार को पता चला कि गांव कासाबाद में सतलुज नदी के किनारे उसकी स्कूटी पड़ी है। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकालवाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी फरार है।