मेयर वनीत धीर के सामने पार्टी में हुई हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल, कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल!

0
Oplus_131072

जालंधर की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में जालंधर के मेयर वनीत धीर एक पार्टी समारोह में नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि उनके नजदीक मौजूद एक युवक कथित तौर पर हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। हालांकि, हमारी अखबार इस वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और इसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करती।गौरतलब है कि पिछले दिनों ही जालंधर के पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह की ओर से रेस्टोरेंट, पार्टी और बैंक्वेट हॉल जैसे स्थानों पर हथियार लेकर जाने पर रोक संबंधी निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि यदि वायरल वीडियो सही है तो मेयर की मौजूदगी में पार्टी के दौरान कथित हवाई फायरिंग कैसे हुई? क्या संबंधित युवक के पास हथियार का लाइसेंस था? क्या फायरिंग की अनुमति थी? और सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करेगा?

क्या कानून का डर सिर्फ आम जनता के लिए है?

यह मामला इसलिए भी गंभीर हो जाता है क्योंकि वीडियो में मेयर की मौजूदगी का दावा किया जा रहा है। क्या मेयर साहिब को इस घटना की जानकारी थी? क्या उन्होंने इस पर कोई आपत्ति जताई? या फिर यह पूरा मामला प्रशासन की नजरों से बचा रहा? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकता है।गौरतलब है कि जब से मेयर वनीत धीर को जालंधर नॉर्थ हलके का इंचार्ज नियुक्त किया गया है, तब से वह लगातार राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चाओं में बने हुए हैं। उनकी नियुक्ति के बाद निकाली गई शुकराना यात्रा के दौरान देवी तालाब मंदिर के पास दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने भी कई सवाल खड़े किए थे।इसके अलावा शहर में अवैध कॉलोनियों और अवैध बिल्डिंग निर्माण को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। खास बात यह है कि मेयर के अपने क्षेत्र में ही ऐसी गतिविधियों को लेकर शिकायतें और चर्चाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में नगर निगम और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होते हैं।अब देखना यह होगा कि पुलिस कमिश्नर इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच करवाते हैं या नहीं। क्या कथित हवाई फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई होगी? और क्या इस पूरे मामले पर मेयर वनीत धीर अपनी चुप्पी तोड़कर जनता के सामने अपना पक्ष रखेंगे?

जालंधर की जनता इन सवालों के जवाब का इंतजार कर रही है।