Thursday, May 7, 2026
Latest:
PunjabCrime

Punjab: दो गुटों की लड़ाई में युवक को कुल्हाड़ी से काटा, भांजा गंभीर, मृतक पर दर्ज थे कई मामले

Spread the News

दोआबा दस्तक न्यूजः श्री आनंदपुर साहिब में सोमवार रात करीब 10 बजे सीमावर्ती गांव नारड के पास दो गुटों में लड़ाई हो गई। इस दौरान एक युवक को कुल्हाड़ी से काट दिया गया जबकि दूसरा युवक गंभीर जख्मी है। घायल को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब में दाखिल करवाया गया है। मृतक की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ सोनू और जख्मी की पहचान उसके भांजे रोहित पुत्र देशराज के रूप में हुई है।

सोमवार रात करीब दस बजे रोहित की कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। इस पर उसने अपने मामा सोनू को बुला लिया। झगड़े के दौरान युवकों ने सोनू को कुल्हाड़ी से वार करके मौत के घाट उतार दिया। घटना की जांच हिमाचल प्रदेश के थाना कोर्ट कलहूर के एसएचओ गौरव भारद्वाज कर रहे हैं। मामले में चार युवकों को नामजद किया गया है जबकि कुछ अज्ञात भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं सूत्रों के अनुसार, मामला गैंगवार का है। सोनू बहुचर्चित गुट्टी गैंग से संबंधित था। गौरतलब है कि गुट्टी कत्ल में पैरोल पर आए हुए एक युवक भूरे से सोनू की कुछ दिन पहले लड़ाई भी हुई थी। मृतक सोनू पर भी कई मामले दर्ज थे।