Breaking NEWSGeneralJalandharLatest newsNewsPoliticsPunjabTop NewsTOP STORIESTrending

किसानों को प्रति एकड़ कम से कम पचास हजार रुपये मुआवजा दे पंजाब सरकार: अश्वनी शर्मा

Spread the News

जालंधर: 28 मार्च (डीडी,न्यूजपेपर ), भाजपा पंजाब के प्रदेश प्रभारी व गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने जालंधर लोकसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग संगठनातमक बैठकें की। जालंधर में भाजपा जालंधर अध्यक्ष सुशील शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए विजय रूपाणी ने कहा कि पंजाब भाजपा नगर निगम सहित पंजाब में होने वाले सभी स्थानीय और जालंधर लोकसभा उप-चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। विजय रुपाणी ने पहली बैठक प्रांतीय कोर ग्रुप के पदाधिकारियों के साथ और दूसरी बैठक विधानसभा प्रभारियों, मंडल प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों के साथ की, जिसमें विजय रूपाणी ने जालंधर लोकसभा उप-चुनाव को लेकर प्रांतीय पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक चर्चा की। इस मौके पर विजय रूपाणी के साथ मंच पर केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, सह-प्रभारी डॉ. नरेंद्र रैना, प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, जंगी लाल महाजन, महामंत्री श्रीमन्त्री श्रीनिवासलू, राकेश राठौर, अनिल सच्चर, मनोरजन कालिया, के के भंडारी, महेंद्र भगत, सुशील शर्मा, पंकज ढींगरा, रंजीत पवार आदि मौजूद थे।

विजय रूपाणी ने इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब में होने वाले सभी चुनाव के लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस समय पंजाब में स्थिति बदतर हो गई है। पंजाब में गैंगस्टर, माफिया और आतंकवादी ताकतें अपना पूरा जोर दिखा रही हैं। कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब राज्य में हत्या, लूटपाट, गोलीबारी आदि की घटनाएं नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मन में पंजाब तथा पंजाबियों के लिए बहुत सम्मान और प्यार है। उनकी हार्दिक इच्छा है कि पंजाब एक हंसता-खेलता हुआ, रंगला और समृद्ध पंजाब बने। भाजपा पंजाब की सभी समस्याओं का समाधान करेगी और पंजाब को खुशहाल बनाएगी। उन्होंने पंजाबियों से भी खुले मन से भाजपा का समर्थन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने पंजाब की वर्तमान सरकार के नेतृत्व वाली पार्टी को पंजाब से चलता करने का मन बना लिया है।

अश्वनी शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी अलगाववादी ताकतों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। भाजपा का मुख्य उद्देश्य पंजाब में अमन-शांति कायम रखना है। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोग भाजपा को एक विकल्प के रूप में देख रहे हैं और पंजाब में भाजपा को सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं। शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह लोगों की समस्याओं को पंजाब सरकार तक पहुंचाने के लिए उनकी आवाज उठाने में संकोच न करें और यदि पंजाब सरकार या प्रशासन उनकी आवाज नहीं सुनता तो विरोध-प्रदर्शन करने से भी पीछे ना हटें। अश्विनी शर्मा ने कहा कि भाजपा विपक्षी दल की भूमिका बखूबी निभा रही है और हम पंजाब सरकार को पंजाबियों से किए वादों को भूलने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि पंजाबी आम आदमी पार्टी की सरकार से बहुत दुःखी हैं।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल बार-बार पंजाबियों का अपमान कर रहे हैं, जिसका ताजा उदाहरण गुरु रविदास अध्ययन केंद्र के शिलान्यास पर पंजाब के मुख्यमंत्री के नाम के ऊपर अपना नाम लिखना है। उन्होंने खटकड़कलां के सेहत केंद्र से शहीद भगत सिंह जी और उनके चाचा अजीत सिंह जी की तस्वीरें हटाने की कड़े शब्दों में घोर निंदा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार हमारे शहीदों का अपमान कर रही है।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में बेमौसम बारिश, हवा, आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की गेहूं की पकी फसल और सब्जियों को बर्बाद कर दिया है। पंजाब सरकार को तुरंत किसानों को कम से कम पचास हजार रुपये प्रति एकड़ और खेतिहर मजदूरों को 5000 रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल, सब्जियां और हरे चारे की बर्बादी का उन्हें बहुत दु:ख है। उन्होंने मांग की कि फाजिल्का जिले के गांव मीन आये तूफान के कारन लोगों के घरों को हुए नुकसान का भी पंजाब सरकार तत्काल मुआवजा दे।